मधेपुरा में छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल में घुसकर हत्या की आशंका
मधेपुरा में छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल में घुसकर हत्या की आशंका
मधेपुरा जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खाड़ी रघुता वार्ड नंबर-12 स्थित जेडी पब्लिक रेजिडेंशियल स्कूल में पढ़ने वाले एक छह वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान आनंद प्रेम (पिता – रामानंद यादव) के रूप में की गई है, जो मूल रूप से वार्ड नंबर-10, परमापुर, मुरलीगंज का रहने वाला था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7:25 बजे घटना की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने पूरे परिसर को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही, घटनास्थल के वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्र जेडी पब्लिक रेजिडेंशियल स्कूल में कक्षा यूकेजी का छात्र था और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था.पुलिस द्वारा हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्रों से पूछताछ की गई, जिसमें छात्रों ने बताया कि शनिवार रात दो अज्ञात व्यक्ति हॉस्टल में घुसे थे और छात्र की हत्या कर मौके से फरार हो गए.इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्य जुटाने का काम तेज कर दिया है.साथ ही, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार छापेमारी कर रही हैं.वही उक्त घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर स्कूलों और हॉस्टलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.