रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट: डीएम-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च

रामनवमी पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। बुधवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह के नेतृत्व में ग्वालपाड़ा, किशनगंज, बिहारीगंज एवं मुरलीगंज प्रखंडों में दोपहर 2:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर आमजनों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने रामनवमी शोभायात्रा निकालने वाली कमेटियों से मुलाकात कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि रामनवमी के सफल आयोजन को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के उपद्रव, विवाद या अवांछनीय गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी शोभायात्राएं निर्धारित रूट एवं लाइसेंस के आधार पर ही निकाली जाएंगी, अन्यथा आयोजकों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
एसपी डा संदीप सिंह ने यह भी कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी, ताकि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
फ्लैग मार्च में एएसपी परमेंद्र भारती, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरलीगंज गोपाल कृष्ण, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार, थाना प्रभारी अजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।