कॉलेज चौक पर चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वालों में मचा हड़कंप
अमन श्रीवास्तव
The ujala times news
CEO

शहर के कॉलेज चौक पर रविवार को पुलिस की ओर से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह के निर्देश पर सदर एसडीपीओ एवं यातायात डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चौक से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की अचानक शुरू हुए चेकिंग अभियान से वाहन चालकों में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही.
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के आवश्यक कागजात, हेलमेट सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की वहीं चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग पर भी विशेष ध्यान दिया गया. पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी.कॉलेज चौक शहर के प्रमुख और व्यस्त स्थानों में शामिल है.यहां दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं. आसपास शिक्षण संस्थान, बाजार और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों का दबाव भी बना रहता है.ऐसे में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से समय-समय पर वाहन जांच अभियान चलाया जाता है.
हेलमेट और कागजात की हुई जांच—
अभियान के दौरान खासकर दोपहिया वाहन चालकों की हेलमेट जांच की गयी. पुलिस ने चालकों से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाने की अपील की बिना हेलमेट या आवश्यक कागजात के वाहन चलाने वालों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए आगे से नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गयी.
सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है. हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए भी जरूरी है.
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई—–
वाहन जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की गयी.पुलिस टीम ने वाहन चालकों को स्पष्ट रूप से बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. जांच के दौरान संदिग्ध अथवा आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले वाहनों की भी पड़ताल की गयी.
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों को परेशान करना नहीं बल्कि यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना बताया गया. अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि घर से निकलते समय अपने वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें.
लगातार चलेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने, तेज गति, वाहन के आवश्यक कागजात नहीं रखने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाएगी.इस
अभियान के दौरान सदर एसडीपीओ अजय कुमार, यातायात थाना अध्यक्ष चेतनांद झा, सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार,ओमप्रकाश गुप्ता, बालेश्वर दास,मो नदीम अख्तर,मोहन सिंह,सचिन कुमार एवं टीम की मौजूदगी के कारण कॉलेज चौक पर वाहन चालक निर्धारित नियमों के अनुसार वाहन चलाते नजर आए.