प्रेम विवाह के बाद माता-पिता ने बेटी को बर्बरता से पीटा; वायरल वीडियो पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

शंकरपुर थाना क्षेत्र के गिद्दा पंचायत में प्रेम विवाह करने वाली युवती पर उसके ही माता-पिता द्वारा की गई बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकद्दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हसनपुरा गांव निवासी पूजा कुमारी ने लगभग एक माह पहले अपने रिश्ते के भतीजे बताए जाने वाले बिट्टू कुमार से लव मैरिज की थी। दोनों परिवार नजदीकी होने के बावजूद विवाह से नाराज ग्रामीणों व परिजनों ने पंचायत बुलाई, जिसमें युगल को अलग करने और लड़के पक्ष पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया। स्थानीय मुखिया बीरेंद्र शर्मा ने पंचायत होने की पुष्टि की है।जानकारी के अनुसार 8 जून को युवती के माता-पिता उसे वापस मायके ले गए। गांव में उपलब्ध वायरल वीडियो में पीड़िता की मां उसे बाल पकड़कर जमीन पर पटकती और पिता गले पर पैर रखकर दबाव बनाते दिख रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने युवती को थाना लाकर संरक्षण दिया। शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है और वायरल फुटेज के आधार पर गम्भीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय समाजसेवियों ने पंचायत के निर्णय और परिवारिक हिंसा पर चिंता जताई है तथा प्रशासन से पीड़िता की सुरक्षा और निर्धारित दायित्वों का पालन करने का आग्रह किया है। मामला मानवाधिकार और निजता से जुड़ा होने के कारण आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

