मधेपुरा में रात गश्ती के दौरान बड़ी सफलता : 10 जिंदा कारतूस और बाइक के साथ दो युवक गिरफ्तार - The Ujala Times News
Uncategorized

मधेपुरा में रात गश्ती के दौरान बड़ी सफलता : 10 जिंदा कारतूस और बाइक के साथ दो युवक गिरफ्तार

जिले के मठाही पुलिस शिविर क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चकला चौक के समीप नहर के पास छापेमारी कर दो युवकों को 10 जिंदा कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान सहरसा जिला के सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरवगढ़ वार्ड संख्या 5 निवासी सुरेश प्रसाद यादव के पुत्र विनय कुमार तथा मधेपुरा थाना क्षेत्र के पिठाही निवासी शिवनंदन यादव के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है।

मठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 12:30 बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि चकला चौक के पास नहर किनारे दो संदिग्ध युवक हथियार से संबंधित सामान के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और दोनों युवकों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पिस्टल के 10 पीस जिंदा गोली तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह बात सामने आई कि गिरफ्तार युवक पहले भी आर्म्स एक्ट, छिनतई एवं अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं और कई बार जेल भी जा चुके हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुट गई है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद कारतूस का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़ी घटना को टाला जा सका। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

इस अभियान में पुलिस पदाधिकारी मठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी,अशोक तिवारी, सशस्त्र बल संदीप कुमार, बालकिशोर कुमार, विजय कुमार और अजय कुमार ओझा सहित अन्य पुलिस जवान शामिल थे।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button