Madhepura: विवादों का विवि: कर्मियों के बाद छात्रों ने की तालाबंदी, पैट के रिजल्ट में धांधली का आरोप

Madhepura/Bihar: बीएन मंडल विश्वविद्यालय के पीएचडी एडमिशन टेस्ट 2021 के रिजल्ट में धांधली को लेकर शुक्रवार को एआईएसयू और जाप छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र नेताओं ने घूम-घूम कर सभी कार्यालय बंद कराया। छात्र नेताओं का कहना था कि अधिकांश विषय की इंटरव्यू में धांधली की गई है। कम अंक वाले छात्र को इंटरव्यू में अधिक अंक देकर चयन कर लिया गया है। जबकि मेधावी छात्रों को अधिक अंक रहने के बावजूद चयन नहीं किया गया।
अधिकांश विषयों में सिर्फ पैरवी पुत्रों का बोलबाला रहा। उनलोगों ने कहा कि अंग्रेजी की इंटरव्यू अब तक आयोजित नहीं हुई है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय ने कोर्स वर्क में नामांकन की तिथि जारी कर दी है। उनका कहना है कि जब तक विवि रिजल्ट निरस्त नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर एआईएसयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी कुमार, जाप के जिलाध्यक्ष रौशन बिट्टू, राजू मन्नू, सौरभ कुमार, निगम आदि मौजूद रहे। लगातार चार दिनों से विश्व विद्यालय में कामकाज ठप बीएनएमयू में पिछले 4 दिन से सभी कामकाज ठप है। वेतन भुगतान की मांग को लेकर 3 दिन से कर्मचारी हड़ताल पर थे। गुरुवार को कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हुआ, तो शुक्रवार को छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर दी। शुक्रवार को देर शाम तक छात्र संगठनों का आंदोलन जारी रहा। जिसके कारण छात्रों को काफी परेशानी हो रही है। दूर-दराज से आने वाले छात्रों को बिना काम कराए लौटना पड़ रहा है।
