रोजगार का बड़ा अवसर: मधेपुरा जिला नियोजनालय में कल लगेगा एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

रोजगार का बड़ा अवसर: मधेपुरा जिला नियोजनालय में कल लगेगा एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला

मधेपुरा: युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग (निदेशालय नियोजन एवं प्रशिक्षण), बिहार, पटना के निदेशानुसार कल यानी 02 सितंबर 2026 (बुधवार) को जिला नियोजनालय, मधेपुरा परिसर में प्रथम चरण के एक दिवसीय जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला (रोजगार मेला) का आयोजन किया जा रहा है।

यह आयोजन संयुक्त श्रम भवन, जिला नियोजनालय, मधेपुरा (निकट डी०आर०सी०सी, मधेपुरा) परिसर में सुबह 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक चलेगा।

30 कंपनियां और 2041 रिक्तियां इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 30 प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इन कंपनियों द्वारा कुल 2,041 पदों पर बहाली के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। बिहार रोजगार सेतु पोर्टल (detjob.bihar.gov.in) पर पंजीकृत शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को सीधे रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी मेले में युवाओं को रोजगार के अवसरों के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इस हेतु विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहेंगे:

  • श्रम अधीक्षक, मधेपुरा
  • महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, मधेपुरा
  • जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (LDM), मधेपुरा
  • प्रबंधक, डी०आर०सी०सी (DRCC), मधेपुरा
  • जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका, मधेपुरा
  • प्रबंधक, आर-सेटी (R-SETI), मधेपुरा
  • प्रबंधक, जे०आई०टी०एम स्किल प्राईवेट लिमिटेड (बिहार कौशल विकास मिशन)

अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक निर्देश रोजगार मेले में भाग लेने वाले इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा (Resume), आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बिहार रोजगार सेतु पोर्टल का निबंधन प्रमाण पत्र साथ लाएं।

जिला प्रशासन एवं नियोजनालय ने जिले के सभी योग्य युवाओं से इस मेले में बढ़कर हिस्सा लेने और रोजगार के इस सुअवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button