Madhepura:ढ़ाई घंटे बाद आग बुझाने पहुंचा दमकल, रहा विफल, पानी खत्म होने पर बाल्टी से भरा जा रहा था उसका टैंक

नेशनल हाइवे 106 के मधेपुरा-सिंहेश्वर पथ पर यूनिवर्सिटी के निकट स्थित है ग्रिड

नेशनल हाइवे 106 के मधेपुरा-सिंहेश्वर पथ पर स्थित पावरग्रिड के स्टोर में गुरुवार को भीषण आग लग गई. आग व काले धुओं की तेज लपट से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मची रही. विभागीय कर्मियों ने आनन-फानन में शटडाउन लिया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी. आग बुझाने पहुंची दमकल की छोटी गाड़ी आग पर काबू पानी में पूरी तरह विफल रही. उल्टे दमकल के टैंक में बाल्टी से पानी भरना पड़ा. हालांकि स्थानीय लोगों ने इसमें भी मदद की. लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ती रही. आग लगने से स्टोर में रखे सैकड़ों ट्रांसफॉर्मर सहित बिजली के अन्य उपकरण राख हो गये. जिससे करोड़ों की संपत्ति के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है. लेकिन शॉर्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना जतायी जा रही है.

समय पर आता दमकल तो होता कम नुकसान
अग्निशमन विभाग को सूचना देने के आधे घंटे बाद पहले नगर परिषद का एक छोटा दमकल वहां पहुंचा. आग पर पानी का बौछार देना भी शुरू हुआ. लेकिन बह रही पछिया हवा के आगे पानी का कोई असर नहीं हुआ. थोड़ी ही देर में दमकल का सारा पानी खत्म हो गया और उसके टैंक में लोगों ने बाल्टी भर-भर पानी डालना शुरू किया. इधर आग की लपट तेज होती रही और उसका क्षेत्र विस्तार होता रहा. तब तक दूसरा छोटा टैंक भी आ गया. उससे भी आग पर काबू नहीं पाएया जा सका. लगभग ढ़ाई घंटे बाद उदाकिशुनगंज से अग्निशमन विभाग की बड़ी गाड़ी मौके पर पहुंची. पीछे से तीन और गाड़ियां आयी. सभी छह टैंकों ने चारों ओर से एकसाथ पानी का बौछार शुरू किया गया. लेकिन आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका. यदि समय पर दमकल पहुंच जाता तो नुकसान को कम किया जा सकता था.
