BOCW के नए पोर्टल का पटना में उद्घाटन, श्रमिक कल्याण के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

BOCW के नए पोर्टल का पटना में उद्घाटन, श्रमिक कल्याण के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

मंत्री संतोष कुमार सिंह बोले – पारदर्शिता, सुविधा और सशक्तिकरण ही लक्ष्य

पटना। बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग अंतर्गत बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) के नए डिजिटल पोर्टल (https://bocwscheme.bihar.gov.in) का उद्घाटन आज पटना स्थित दशरथ मांझी श्रम एवं नियोजन अध्ययन संस्थान में माननीय मंत्री श्री संतोष कुमार सिंह ने किया।
इस मौके पर विभाग के विशेष सचिव श्री आलोक कुमार, बोर्ड सचिव श्री सुनील कुमार यादव, श्रमायुक्त श्री राजेश भारती सहित इंडियन बैंक के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के श्रमिक अब BOCW की 16 कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी, ऑनलाइन पंजीकरण, नवीकरण, सहायता के लिए आवेदन व उसकी रीयल-टाइम ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल तकनीक के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाएगा और श्रमिकों को सशक्त बनाएगा।
उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर जिनेवा में बिहार की योजनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया गया था, जिसे अंतरराष्ट्रीय सराहना मिली। उन्होंने पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार व श्रमिकों को इसके उपयोग के लिए प्रेरित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
मंत्री ने इसे श्रमिकों के जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान का प्रतीक बताते हुए पोर्टल के माध्यम से अधिकतम श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button