सहरसा में दिनदहाड़े लूट: विरोध करने पर नोजलमेन को मारी गोली - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा में दिनदहाड़े लूट: विरोध करने पर नोजलमेन को मारी गोली

खबर सहरसा से है। जहां जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। दरअसल बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तिरी स्थित पूजा फ्यूल सेंटर पर दिनदहाड़े लूट और गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में नोजलमेन आनंद कुमार को गोली मार दी गई, जिससे वह घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, एक बाईक पर सवार तीन युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और नोजलमेन आनंद कुमार से टंकी फुल करने को कहा। किसी कारणवश मना करने पर अपराधियों ने हथियार निकाल लिया और रुपए की मांग करने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने गोली चला दी, जो आनंद कुमार के पैर में जा लगी। गोली चलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद अपराधियों ने 18 हजार रुपये नगद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

घायल आनंद कुमार को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने गोली निकाल दी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद पेट्रोल पंप के मालिक अर्जुन चौधरी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अपराधी आसानी से बेल पर छूट जाते हैं और फिर वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यहां न तो मजिस्ट्रेट की तैनाती हुई है और न ही पुलिस गश्ती होती है। साथ ही उन्होंने बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष के निलंबन की मांग की है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। साईबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस अपराधियों के भागने की दिशा में छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को धर दबोचा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button