वज्रपात से सतर्कता हेतु नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता अभियान

दानापुर। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सौजन्य से एकजुट, पटना की टीम द्वारा वज्रपात (आकाशीय बिजली) के खतरों से बचाव हेतु जन- जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के पहले दिन दानापुर प्रखंड के झखरी महादेव मंदिर एवं शिव मंदिर (गोला रोड) परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
इस जागरूकता नाटक का निर्देशन अमन कुमार ने किया। नाटक के माध्यम से दर्शकों को बताया गया कि वज्रपात के समय क्या सावधानियाँ अपनानी चाहिए, किन बातों से बचना चाहिए, तथा जीवनरक्षक उपाय क्या हो सकते हैं। नाटक के दौरान क्या करें और क्या न करें जैसे बिंदुओं को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे आमजन को गंभीर मौसम स्थितियों के दौरान सुरक्षित रहने की सीख मिल सके।
नाटक में अभिनय करने वाले प्रमुख कलाकारों में टीपू पाण्डेय, सुनील कुमार, मुन्ना, काजल एवं दीनानाथ गोस्वामी शामिल रहे। वहीं गीत-संगीत के माध्यम से जनसंदेश को प्रभावी बनाने का कार्य श्यामाकांत साह एवं रंजीत दास ने किया।
स्थानीय लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की और इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों को अधिकाधिक स्थानों पर आयोजित करने की मांग की। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों में वज्रपात जैसी प्राकृतिक आपदाओं को लेकर जागरूकता फैलाना और जनहानि को न्यूनतम करना है।
