राम जानकी मंदिर में बाबा खाटू श्याम दरबार में भव्य भजन संध्या का आयोजन गायकों के सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु झूमे, भारी संख्या में उमड़े भक्त

खगौल। महम्मदपुर स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस मंदिर में वर्ष 2021 में श्री इंदल कुमार द्वारा बाबा खाटू श्याम की प्रतिमा स्थापित की गई थी। तब से लेकर आज तक यहां नियमित रूप से श्रद्धालुओं की उपस्थिति में धार्मिक आयोजन होते आ रहे हैं।
इस अवसर पर बाबा खाटू श्याम दरबार को भव्य रूप से सजाया गया था। श्याम सेना द्वारा आयोजित इस भजन संध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर भावविभोर होकर झूम उठे। “खाटू वाले श्याम”, “कस के पकड़ लो मेरा हाथ”, “श्याम सवेरे देखूं तुझको”, “कितना सुंदर रूप है”, “हार गया मैं बाबा”, “अब तो दामन थाम ले” जैसे सजीव भजनों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
आयोजकों इंदल कुमार, अजय पलसानिया और श्रवण अग्रवाल ने बताया कि देवशयनी एकादशी एवं पद्मा एकादशी का हिन्दू धर्म में विशेष महत्व है। यही कारण है कि इस दिन श्री खाटू श्याम जी के भजन-कीर्तन का आयोजन बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। मंदिर परिसर ‘देवलोक धाम’ में देर शाम तक भजन-कीर्तन चलता रहा।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सभी ने भाग लिया और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर उपस्थित प्रमुख श्रद्धालु
इंदल कुमार, अजय पलसानिया, श्रवण अग्रवाल, विक्की अग्रवाल, विकास अग्रवाल, मुकेश कुमार एवं विष्णु गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्साह का प्रतीक था, बल्कि स्थानीय समाज में आध्यात्मिक एकता और भक्ति भावना को भी प्रकट करता है।
