बिहार राज्य महिला आयोग में पारिवारिक मामलों का समाधान, 17 नए विवाद दर्ज, 4 में हुआ समझौता

पटना, दीपशिखा। बिहार राज्य महिला आयोग में आज आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 17 नए पारिवारिक विवाद दर्ज किए गए, जबकि 7 पुराने मामलों की सुनवाई की गई। इनमें से 4 मामलों में पक्षकारों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिससे पीड़ितों को तत्काल राहत मिली।
इस सुनवाई की अध्यक्षता आयोग की माननीय अध्यक्ष श्रीमती अप्सरा ने की। उनके साथ आयोग के सभी मौजूदा सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और एक-एक मामले को गंभीरता से सुना।
कार्यवाही के दौरान पति-पत्नी के पारिवारिक झगड़े, घरेलू हिंसा, भरण-पोषण, मानसिक उत्पीड़न और महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार से संबंधित कई महत्वपूर्ण मामलों को आपसी संवाद और संवेदनशील दृष्टिकोण से सुलझाया गया।
महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने कहा, “हर महिला को सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण मिलना चाहिए। हमारा प्रयास है कि आयोग में आने वाली हर महिला को त्वरित और निष्पक्ष न्याय मिले। हम सभी से अपील करते हैं कि महिला संबंधी मामलों को गंभीरता से लें और समय पर समाधान के लिए आगे आएं।”
आयोग की इस पहल से न केवल पीड़ित महिलाओं को न्याय मिला, बल्कि आपसी मतभेदों को शांतिपूर्वक सुलझाने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी गया है।
