कर्पूरीग्राम स्टेशन के उन्नयन एवं सबवे निर्माण का रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया शिलान्यास

हाजीपुर। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स व आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बिहार दौरे के दौरान कर्पूरीग्राम स्टेशन के उन्नयन और स्टेशन के पश्चिमी छोर पर 14 करोड़ की लागत से बनने वाले सबवे का शिलान्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, समस्तीपुर सांसद शांभवी, एमएलसी डॉ. तरुण कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रेल मंत्री ने बताया कि कर्पूरीग्राम स्टेशन को 3.30 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जाएगा, साथ ही 18 फीट चौड़ा एफओबी भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सबवे न केवल रेल परिचालन को सुगम बनाएगा, बल्कि आस-पास के गांवों को जोड़कर सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को गति देगा।
इससे पूर्व मंत्री ने दीघा ब्रिज हाल्ट से कर्पूरीग्राम तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया और समस्तीपुर स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं व मंडल कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। समस्तीपुर मंडल में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में रेल परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
मंत्री ने कहा कि माल ढुलाई में रेलवे की हिस्सेदारी 20% से बढ़कर 29% हुई है, जिसे 35% तक ले जाने का लक्ष्य है। उन्होंने रेलवे में वार्षिक भर्ती कैलेंडर में सुधार, आरओबी के निर्माण को केंद्र सरकार द्वारा कराए जाने, और पूर्व मध्य रेलवे को पहला 100% इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग युक्त जोन बनाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, दानापुर, सोनपुर एवं समस्तीपुर के मंडल रेल प्रबंधक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
