ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन का ऐलान:"स्टेयरिंग छोड़ो, करो चक्का जाम" - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन का ऐलान:”स्टेयरिंग छोड़ो, करो चक्का जाम”

पटना। ऑल इंडिया रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन, बिहार के महासचिव श्री राजकुमार झा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह घोषणा की है कि 9 जुलाई 2025 को पूरे देश में होने वाली देशव्यापी हड़ताल को उनका पूर्ण समर्थन प्राप्त है। यह हड़ताल सीटू (CITU) समेत अन्य प्रमुख ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आयोजित की जा रही है।
श्री झा ने स्पष्ट रूप से कहा कि 9 जुलाई को बिहार के सभी परिवहन सेवाएं- जिनमें ऑटो, ई-रिक्शा, बस, मिनी बस, ट्रक, टैंकर इत्यादि शामिल हैं- पूर्ण रूप से ठप रहेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार श्रमिक-विरोधी नीति अपना रही है और श्रमिकों के अधिकारों का दमन कर रही है। इसी के विरोध में यह आंदोलन आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फेडरेशन चार नए श्रम संहिता (लेबर कोड्स) का विरोध कर रहा है और इन्हें पूरी तरह से वापस लेने की मांग करता है। इसके साथ ही, उन्होंने पथ परिवहन और सड़क सुरक्षा विधेयक, 2019 तथा हिट एंड रन कानून को भी परिवहन उद्योग के खिलाफ बताते हुए इन्हें रद्द करने की मांग की।
श्री झा ने केंद्र सरकार से सभी ड्राइवरों और ट्रांसपोर्ट कर्मियों के लिए एक समग्र सामाजिक सुरक्षा योजना लागू करने की भी मांग रखी है। उन्होंने विशेष रूप से पटना शहर में लागू नई यातायात व्यवस्था से उत्पन्न समस्याओं की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि इससे ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऑटो एवं ई-रिक्शा संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले 8 और 9 जुलाई को ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की दस सूत्री मांगों को लेकर दो दिवसीय आंदोलन किया जा रहा है, जिसे फेडरेशन का पूर्ण समर्थन प्राप्त है।
श्री झा ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे शीघ्र वार्ता कर इन समस्याओं का समाधान करें, अन्यथा यह आंदोलन भविष्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल का रूप भी ले सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button