पटना स्थित जन सुराज पार्टी कार्यालय में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन, सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश

पटना। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर पटना स्थित जन सुराज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आपसी भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि रमज़ान का महीना त्याग, संयम और इंसानियत की सेवा का संदेश देता है। जन सुराज का उद्देश्य भी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है। उन्होंने पार्टी की ओर से मुस्लिम समाज के सभी लोगों को रमज़ान और आगामी ईद की अग्रिम बधाई दी।वहीं, पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी ओबैदुर रहमान ने कहा कि प्रदेश और देश की सलामती तथा अमन-चैन की कामना के साथ इस दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया है, जिसमें विभिन्न समाजों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उन्होंने कहा कि जन सुराज पार्टी समाज के सभी वर्गों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करती है।इस दौरान ओबैदुर रहमान ने देशभर में गैस की किल्लत के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। जब सरकार को यह जानकारी थी कि ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है, तो समय रहते आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व निकट है और यदि यही स्थिति बनी रही तो कई घरों में ईद की सेवइयां भी नहीं बन पाएंगी।कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ इफ्तार किया और एक-दूसरे को रमज़ान की मुबारकबाद दी।
