मधेपुरा: 173 ग्राम स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, सहयोगी फरार

मधेपुरा पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सदर थानाध्यक्ष विमलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम दुबियाही वार्ड नंबर-05 में छापेमारी कर 173 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान चंद्रिका देवी उर्फ रूशो देवी के रूप में हुई है
गुप्त सूचना पर मिली बड़ी कामयाबी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी महिला अपने घर से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त कर रही है। सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में मठाही शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी और अन्य पुलिसकर्मियों की एक टीम ने दुबियाही स्थित महिला के आवास पर घेराबंदी कर दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिला को दो प्लास्टिक पैकेटों में छिपाई गई 173 ग्राम स्मैक के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। हालांकि, इस दौरान उसका एक अन्य सहयोगी मौके से भागने में सफल रहा
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
इस मामले में मधेपुरा थाना कांड संख्या 477/26, धारा-8(c)/21(b) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार चंद्रिका देवी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार सहयोगी की तलाश में जुटी है और नशीले पदार्थों के इस नेटवर्क के मुख्य सरगना का पता लगाने की कोशिश कर रही है। मधेपुरा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशाखोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
