पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में होगा शामिलरेलवे कर्मचारियों की मांगों को लेकर स्टेशनों पर होगा शांतिपूर्ण प्रदर्शन

दानापुर। देश की प्रमुख केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा 9 जुलाई 2025 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है, जिसे पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस ने अपना समर्थन देने की घोषणा की है। संगठन के जोनल अध्यक्ष मोहम्मद जफर हसन ने बताया कि यह हड़ताल रेलवे कर्मचारियों सहित विभिन्न सरकारी क्षेत्र के कर्मचारियों और मजदूरों की ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर की जा रही है।
इस आंदोलन की प्रमुख मांगों में निम्नलिखित शामिल हैं:
चारों नए श्रम कानूनों (लेबर कोड) को तत्काल निरस्त किया जाए।
राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः लागू किया जाए।
रेलवे में रिक्त पड़े मेरिट आधार पर चयनित पदों को शीघ्र भरा जाए।
आउटसोर्सिंग की प्रथा को बंद किया जाए और नियमित नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाए।
ठेका मजदूर प्रणाली को समाप्त कर सभी को समान कार्य के लिए समान वेतन दिया जाए।
मोहम्मद जफर हसन ने कहा कि पूर्व मध्य रेलवे मजदूर कांग्रेस के बैनर तले 9 जुलाई को सभी प्रमुख स्टेशनों पर कर्मचारी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इस आंदोलन से रेलवे सेवाओं को कोई क्षति न पहुँचे और यात्री सुविधाएं बाधित न हों।
उन्होंने कहा कि यह हड़ताल न केवल मजदूरों के हक के लिए है, बल्कि देशभर के श्रमिकों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। संगठन की ओर से सभी कर्मचारियों से आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने की अपील की गई है।
