पटना: बंद फ्लैटों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों की नकदी-ज्वेलरी बरामद

संवाददाता, पटना
राजधानी के पॉश इलाके पाटलीपुत्रा में बंद फ्लैटों को अपना निशाना बनाकर दहशत फैलाने वाले एक शातिर चोर को पुलिस ने धर दबोचा है। पाटलीपुत्रा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में आरोपी के पास से करीब 8 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के कीमती आभूषण बरामद किए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इलाके में हुई कई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है
कैसे हुई गिरफ्तारी?पुलिस के अनुसार, 23-24 फरवरी की रात न्यू पाटलीपुत्रा स्थित द्रोपती अपार्टमेंट में हुई चोरी के बाद से ही चोर पुलिस की रडार पर था। इसके बाद अप्रैल माह में भी सारदा अपार्टमेंट समेत कई अन्य बंद घरों को निशाना बनाया गया, जिससे निवासियों में खौफ का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। मानवीय आसूचना और ‘100 डायल’ टीम के सटीक इनपुट के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें आरोपी मो. परवेज उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया गया
नालंदा का रहने वाला है शातिरपूछताछ में पता चला कि आरोपी मूल रूप से नालंदा का निवासी है और पटना के दीघा इलाके में किराए पर रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके पास से 7 लाख 97 हजार 300 रुपये नकद, एक महंगा मोबाइल फोन, तीन घड़ियां, और सोने-चांदी के गहने (पायल, चेन, कड़ा, टॉप्स) बरामद हुए हैं
पेशेवर अपराधी का काला इतिहासपुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, परवेज एक पेशेवर अपराधी है। वह इससे पहले पाटलीपुत्रा और श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्रों में कई चोरी के मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले से ही कई केस दर्ज हैं। वर्तमान में पुलिस उससे पूछताछ कर उसके गिरोह के अन्य साथियों और चोरी के सामान के ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस गिरफ्तारी से पुलिस को शहर में हुई अन्य चोरी की गुत्थियाँ सुलझने की उम्मीद है
