आग से घर गंवाने वाले पीड़ित परिवारों के बीच पहुंची मदद, चिकित्सकों ने उपलब्ध कराया राशन - The Ujala Times News
Uncategorized

आग से घर गंवाने वाले पीड़ित परिवारों के बीच पहुंची मदद, चिकित्सकों ने उपलब्ध कराया राशन

अमन श्रीवास्तव
The ujala times
CEO

शहर के पानी टंकी चौक के समीप दो दिन पूर्व आग लगने की घटना में अपना घर और घरेलू सामान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया गया है. आगलगी की घटना के बाद परिवारों के सामने भोजन और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर उत्पन्न हुई परेशानी को देखते हुए सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ सचिन कुमार, सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ मिथिलेश कुमार एवं डॉ दीपक कुमार ने पीड़ित परिवारों के बीच राशन सामग्री उपलब्ध करायी गई. चिकित्सकों द्वारा की गयी इस पहल से पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत मिली है.
दो दिन पूर्व पानी टंकी चौक के समीप आग लगने से कई परिवारों का आशियाना प्रभावित हुआ था.देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने के साथ-साथ भोजन की भी समस्या खड़ी हो गयी. आग की घटना में घर-गृहस्थी का सामान जल जाने के कारण परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.ऐसे समय में स्थानीय स्तर पर लोगों की ओर से मदद का सिलसिला शुरू हुआ है.इसी क्रम में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सचिन कुमार तथा चिकित्सक डॉ मिथिलेश कुमार एवं डॉ दीपक कुमार ने पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी स्थिति की जानकारी ली. इसके बाद परिवारों को राशन सामग्री उपलब्ध करायी गयी.राशन मिलने के बाद पीड़ित परिवारों ने राहत महसूस की और चिकित्सकों के प्रति आभार जताया.
पीड़ित परिवारों का कहना है कि आग की घटना के बाद उनके सामने कई तरह की परेशानियां एक साथ आ गयी हैं.घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत अन्य जरूरी सामान आग की भेंट चढ़ गया. अचानक आयी इस विपदा के कारण परिवार के सदस्यों के लिए भोजन की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया था. ऐसे में राशन सामग्री मिलने से कुछ दिनों के लिए भोजन की चिंता कम हुई है.इस दौरान चिकित्सकों ने पीड़ित परिवारों से उनकी परेशानियों की जानकारी ली उन्होंने कहा कि आपदा के समय पीड़ितों के साथ खड़ा होना समाज की जिम्मेदारी है. आगलगी जैसी घटना में प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता की जरूरत होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए अपनी ओर से राशन उपलब्ध कराया गया है. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए समाज के अन्य लोगों को भी आगे आना चाहिए.घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती फिर से अपने जीवन को व्यवस्थित करना है.आग में घर और सामान का नुकसान होने के बाद परिवारों को दैनिक जरूरतों के लिए भी दूसरों पर निर्भर होना पड़ रहा है. ऐसे में मिलने वाली छोटी-सी मदद भी उनके लिए काफी मायने रखती है. चिकित्सकों की ओर से उपलब्ध कराये गये राशन को इसी मानवीय पहल के रूप में देखा जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने भी चिकित्सकों की इस पहल की सराहना की लोगों का कहना है कि सरकारी व्यवस्था के साथ-साथ समाज के सक्षम लोगों और सामाजिक संगठनों को भी ऐसे परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए. आगलगी जैसी घटनाओं में प्रभावित परिवारों को तत्काल भोजन, कपड़ा और रहने की व्यवस्था की आवश्यकता होती है. समय पर मिलने वाली सहायता पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है.
गौरतलब है कि पानी टंकी चौक के समीप हुई आगलगी की घटना ने प्रभावित परिवारों को मुश्किल में डाल दिया है. घटना के बाद पीड़ितों की मदद के लिए अलग-अलग स्तर से प्रयास किये जा रहे हैं. इसी कड़ी में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक और चिकित्सकों द्वारा राशन उपलब्ध कराना मानवीय संवेदना का उदाहरण बना. पीड़ित परिवारों ने उम्मीद जतायी कि आगे भी उन्हें प्रशासन और समाज के अन्य लोगों से आवश्यक सहयोग मिलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button