मधेपुरा जिले के प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है. रविवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

मधेपुरा जिले के प्रसिद्ध सिंहेश्वर धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ने वाली संभावित भीड़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है. रविवार को जिलाधिकारी अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ संदीप सिंह, मधेपुरा ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण जलाभिषेक को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया. निरीक्षण के क्रम में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतार, प्रवेश एवं निकास द्वार, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही परिसर में प्रकाश, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधा और पार्किंग व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया. अधिकारियों ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को अंतिम सोमवारी से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया. भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी कर्मी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में बाबा सिंहेश्वरनाथ का दर्शन एवं जलाभिषेक कर सकें.