बिहारीगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने यात्री शेड को तोड़ा, एक की मौत, दो गंभीर - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

बिहारीगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने यात्री शेड को तोड़ा, एक की मौत, दो गंभीर



बिहारीगंज-उदाकिशुनगंज मुख्य मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उत्क्रमित मध्य विद्यालय विशनपुर के समीप हुआ, जहाँ तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री शेड और स्कूल की दीवार में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
रात के अंधेरे में पसरा मातम


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 1:30 बजे तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ और स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। ट्रक के केबिन में फँसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस और ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल ले जाने के दौरान सुपौल जिले के भवानीपुर निवासी संजय यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, ट्रक चालक संजीत कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना में शामिल 15 वर्षीय खलासी अमित कुमार मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।


खुशियों में बदला मातम
मृतक संजय यादव के पुत्र रौशन कुमार ने बताया कि पिता तीन महीने से ट्रक पर काम कर रहे थे। वे हाल ही में छुट्टी काट कर लौटे थे और रविवार शाम को ही झारखंड गिट्टी लेने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। सुबह उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शुरू की जाँच
बिहारीगंज थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। क्या यह हादसा नींद आने के कारण हुआ या तकनीकी खराबी के चलते, यह जांच का विषय है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button