Madhepura:मधेपुरा पुलिस को मिले इंटीग्रेटेड रिस्पॉन्स सिस्टम से लैस छह वाहन
इमरजेंसी होने पर डायल करें 112, बीस मिनट में पहुंचेगी मदद
अपराध से लेकर विधि व्यवस्था तक की स्थिति से निपटने के लिए मधेपुरा पुलिस को आज इंटीग्रेटेड रिस्पॉन्स सिस्टम से लैस कर दिया गया है. अब किसी भी तरह की इमरजेंसी के लिए मधेपुरा वासियों को महज 112 डायल करने पर आपातकालीन स्थिति में पुलिस मदद करने के लिए तत्पर रहेगी. मधेपुरा पुलिस जिला में डायल 112 योजना के तहत पहले फेज में आधुनिक यंत्रों और उपकरणों से लैस छह बोलेरो जीप मुहैया कराए गए हैं. वहीं पहले फेज में केवल शहरी क्षेत्र और बायपास को कवर किया गया है. वही बल की कमी की वजह से डायल 112 में लगाए गए बालों को तीन के जगह फिलहाल 12-12 घंटे की दो शिफ्ट करनी होगी.
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पुलिस लाइन से कार्य क्षेत्र में रवाना किया.
इन सुविधाओं से है लैस हैं सभी वाहन
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि डायल 112 के तहत मुहैया कराए गए वाहनों में वायरलेस कॉम्यूनिकेशन के अलावा जीपीएस, मोबाइल डाटा टर्मिनल समेत अन्य आधुनिक उपकरण लगाये गये हैं. इनकी मदद से गाड़ियों का रीयल-टाइम लोकेशन के अलावा कॉल करने वाले का नंबर और घटना का लोकेशन समेत अन्य सभी जानकारी डिस्प्ले होगी. इसकी मदद से पुलिस वाले घटना स्थल या पीड़ित व्यक्ति को लोकेट करके उन तक पहुंच जायेंगे. कार्रवाई पूरी करने के बाद कॉल सेंटर और संबंधित शिकायतकर्ता के पास मैसेज चला जायेगा. इससे यह स्पष्ट होगा कि किस मामले में क्या कार्रवाई की गयी है. साथ ही इसका फीडबैक भी व्यक्ति से लिया जायेगा. इसके अलावा वाहनों में टोइंग किट, क्राइम सीन को सील करने के उपकरण, रोड ब्लॉक करने के उपकरण, लाठी आदि भी दिए गए हैं.