सदर थाना परिसर में एसपी ने लगाया जनता दरबार, लोगों की सुनी फरियाद

अमन श्रीवास्तव
सीईओ
The ujala times news
ट्रैफिक व क्राइम कंट्रोल व भू माफियाओं पर शिकंजा कसने की रखी मांग : पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रत्येक सप्ताह दो थाने पर लगेगा जनता दरबार : एसपी जनता से सीधा संवाद करके सुनेंगे फरियाद, किया जाएगा निपटारा
सदर थाना परिसर में शुक्रवार को एसपी डा संदीप सिंह ने जनता दरबार का आयोजन किया. इस दौरान एसपी ने सीधे जनता से संवाद किया. उनकी समस्याओं को सुना. थाना क्षेत्र से आए लोगों ने एसपी के सामने अपनी फरियाद रखीं, जिनका निवारण सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने तुरंत सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार को आवश्यक निर्देश दिए. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित इस जनता दरबार में मुख्य रूप से तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लोगों ने अपनी चिंताएं और शिकायतें रखीं. सबसे पहले, भीड़खी ओवरब्रिज से पूर्णिया गोला के समीप हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है. उससे निजात दिलाने की मांग प्रमुखता से उठी. लोगों ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे दैनिक जीवन और व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं. एसपी ने इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने का आश्वासन दिया. दूसरा महत्वपूर्ण बिंदु क्राइम कंट्रोल रहा. स्थानीय लोगों ने चोरी और चेन स्नेचिंग समेत अन्य आपराधिक घटनाओं में कमी लाने के लिए बाइकर्स गैंग पर ठोस कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने एसपी से प्रभावी रात्रि गश्ती और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की. एसपी डा संदीप सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में क्राइम मैपिंग कर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं और पेशेवर अपराधियों की धरपकड़ तेज करें. तीसरी और सबसे गंभीर शिकायत भू-माफिया पर शिकंजा कसने को लेकर थी. कई फरियादियों ने बताया कि भू-माफिया सक्रिय हैं और जबरन जमीन पर कब्जा करने, धमकाने और फर्जी कागजात बनाने का काम कर रहे हैं. एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जमीन विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और भू-माफियाओं के खिलाफ विधि सम्मत कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. एसपी डा संदीप सिंह ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके. प्रत्येक सप्ताह जिले के दो थानों पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा जनता दरबार लगाया जाएगा. इसको लेकर पहले से तिथि निर्धारित की गयी है. सभी थानेदार इसको अपने- अपने थाना क्षेत्र में तेजी से प्रचार- प्रसार करेंगे. एसपी ने जनता दरबार शुरू होने के साथ ही लोगों से पूछा कि कोई ऐसा व्यक्ति सामने आए जिसका थाने में एफआइआर नहीं हो रहा है, या फिर उनको कई दिनों से थाने पर दौड़ाया जा रहा है. पुलिसकर्मी उनसे सही से व्यवहार नहीं कर रहे हैं. लेकिन, ऐसा कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया है. एसपी ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. जनता दरबार के बाद एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती की मौजूदगी में सदर थाने के पदाधिकारियों के साथ बैठक किया. थाने में पेंडिंग कांडों के निष्पादन को लेकर दिशा – निर्देश दिया .
