नरदह पंचायत में जीविका दीदियों ने निकाला कैंडल मार्च, मतदाता जागरूकता का दिया संदेश - The Ujala Times News
Uncategorized

नरदह पंचायत में जीविका दीदियों ने निकाला कैंडल मार्च, मतदाता जागरूकता का दिया संदेश

अफजल राज, पुरैनी (मधेपुरा)

मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड अंतर्गत नरदह ग्राम पंचायत में शुक्रवार की शाम जीविका दीदियों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एक भव्य कैंडल मार्च निकाला गया। इस अभियान का उद्देश्य आगामी 6 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करना था।
रैली के दौरान दीदियों ने पहले मतदान, फिर जलपान और मतदान है लोकतंत्र की शान जैसे प्रभावशाली नारों के माध्यम से लोगों में मतदान के प्रति उत्साह जगाया। इस कैंडल मार्च में आदर्श जीविका महिला ग्राम संगठन, मेहंदी जीविका ग्राम संगठन और उज्जवल जीविका ग्राम संगठन की लगभग 400 जीविका दीदियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री संजीत कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि पुरैनी प्रखंड के सभी पंचायतों में जीविका दीदियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित हो सके। आज नरदह पंचायत में तीन ग्राम संगठनों की सहभागिता से सैकड़ों दीदियों ने एकजुट होकर लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर वीओ लेखपाल अनवर आलम, एसईडब्ल्यू मदन कुमार, जीविका मित्र फूल कुमारी, खुशबू कुमारी, शिल्पी कुमारी, पूनम कुमारी, सोनी देवी, लकी देवी, आशा देवी समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button