भव्य तरह से मॉडल सदर अस्पताल का किया गया उद्घाटन

मधेपुरा में खुला 100 बेड का आधुनिक मॉडल अस्पताल, एक छत के नीचे मिलेंगी ये सुविधाएं
मधेपुरा में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने 100 बेड वाले मॉडल अस्पताल का उद्घाटन किया. यह सदर अस्पताल परिसर में बना है. इस अस्पताल में ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर और प्राइवेट वार्ड जैसी सुविधाएं हैं.33 करोड़ रुपये की लागत से यह अस्पताल बना है. मधेपुरा जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में 100 बेड वाले अत्याधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया. इस परियोजना पर लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत आई है. यह मॉडल अस्पताल मरीजों को सभी आवश्यक आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करेगा. यहां एक ही छत के नीचे 16 विभागों की इमरजेंसी की सुविधा मिलेगी.

सात मंजिला भवन में हैं ये सुविधाएं
नया अस्पताल सात मंजिला है, जिसमें ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, जनरल व प्राइवेट वार्ड, एक्स-रे रूम, हाईटेक लॉन्ड्री और एक विशाल भोजनालय की सुविधा उपलब्ध है.खास बात यह है कि भोजनालय और लॉन्ड्री संचालन की जिम्मेदारी जीविका समूह को दी गई है, जिससे महिलाओं को रोजगार मिलेगा और मरीजों को पौष्टिक भोजन भी सुनिश्चित होगा.

प्रशासनिक कार्यालयों की आधुनिक व्यवस्था
अस्पताल परिसर में सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक, ड्रग इंस्पेक्टर, ड्रग कंट्रोलर और फूड इंस्पेक्टर के लिए अलग-अलग ऑफिस बनाए गए हैं, जो आपस में इंटरकॉम से जुड़े होंगे। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी और समन्वय में आसानी होगी.

सभी के लिए सुलभ स्वास्थ्य सेवा का संकल्प
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री पांडे ने कहा, ‘हम मधेपुरा को पटना का पीएमसीएच नहीं बना सकते, लेकिन यहां हर जरूरी सुविधा जरूर उपलब्ध कराएंगे. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा मिले, और सरकार इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रही है.
अब नये भवन बनने के बाद मरीजों व परिजनों को एक ही भवन में सारी सुविधा मिलेगी.
आग से सुरक्षा के लिए एक लाख लीटर क्षमता वाला वॉटर टैंक और वॉटर ट्रीटमेंट सिस्टम लगाया गया है, जिससे भूजल प्रदूषण को रोका जा सके. सभी फ्लोर पर वातानुकूलन की सुविधा है, जिससे गर्मी में मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी. अस्पताल के नए भवन में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष वार्ड और बच्चों के लिए 42 बेड वाला पीकू वार्ड तैयार किया गया है. जो गंभीर रूप से बीमार बच्चों के इलाज में सहायक साबित होगा. पहली मंजिल पर तीन आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, एनआईसीयू और डायलिसिस यूनिट के साथ एक ट्रॉमा सेंटर भी बनाया गया है. इसके अलावा ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड, पैथोलॉजी सेंटर, दवा वितरण केंद्र और एक भव्य लॉबी भी भवन का हिस्सा हैं.
