Big Breaking News ठेला लगाने के विवाद में युवक की निर्मम हत्या, भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला

फारबिसगंज कृषि बाजार समिति के मुख्य द्वार के पास गुरुवार की सुबह एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां दिनदहाड़े एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई और उसका सिर धड़ से अलग कर सड़क पर रख दिया गया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोगबनी के अमौना वार्ड संख्या 21 निवासी अली हुसैन (42 वर्ष), पिता मो. मुद्दीन, पेशे से पिकअप चालक थे। गुरुवार सुबह सत्तू बेचने की जगह पर पिकअप लगाने को लेकर उनका विवाद एक ठेला पर सत्तू बेचने वाले युवक से हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सत्तू विक्रेता युवक ने अली हुसैन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने निर्ममता की हद पार करते हुए शव का सिर धड़ से अलग कर सड़क पर रख दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। भीड़ ने आरोपी युवक रवि चौहान (पिता भीम चौहान), निवासी चौहान टोला, वार्ड संख्या 02, मटियारी (फारबिसगंज) को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने फारबिसगंज के सुभाष चौक पर आगजनी कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटनास्थल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
