गर्मी से राहत की उम्मीद, दो दिन गरज के साथ होगी बरसात; 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

बिहार में मानसून का आगमन समय पर हो गया है। जल्द ही इसका असर पूरे राज्य में दिखने वाला है। मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके मुताबिक उत्तर बिहार के 10 जिलों में दो दिन गरज के साथ भारी बरसात होने के आसार हैं। वहीं, राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। इससे दक्षिण बिहार में तापमान में गिरावट हो सकती है। यहां के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी इस हफ्ते मौसम परिवर्तन होगा और बारिश संबंधी गतिविधियां बनी रहेंगी। साथ ही राज्य भर में बुधवार से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी।
