Madhepura:मुर्गी पालन से जुड़ीं 2000 जीविका दीदी - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

Madhepura:मुर्गी पालन से जुड़ीं 2000 जीविका दीदी

सदर प्रखंड क्षेत्र की महिलाएं जीविका से जुड़कर आर्थिक उन्नति को बढ़ावा दे रही हैं। खुद की उन्नति के साथ-साथ क्षेत्र व समाज की तस्वीर भी बदल रही हैं। यहां की महिलाएं अपनी जीविका के लिए मुर्गीपालन, बकरी पालन के साथ ही किराना दुकान का सफल संचालन कर रही हैं। इससे रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र को अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की इस कोशिश में जीविका उनका साथ दे रहा है, ताकि महिलाएं स्वरोजगार को अपनाकर आत्मनिर्भर बन सके। इस क्षेत्र में पूजा देवी, कविता देवी, प्रतिभा, स्वरंजू जीविका दीदियां स्वरोजगार से जुड़ कर स्वाबलंबन का इतिहास रच रही हैं। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अनोज कुमार पोद्दार ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों की लगभग 2000 जीविका दीदियां मुर्गीपालन से जोड़ी गई हैं। मधेपुरा में पोल्ट्री मदर यूनिट की शुरुआत की गई है। जिसमें 8100 चूजों को मंगवाया गया है। जहां इसकी प्रारंभिक देख-रेख जीविका दीदियों के द्वारा ही की जा रही है। 28 दिनों के उपरांत इन सभी चूजों को जीविका दीदीयों के बीच वितरित किया जाएगा। प्रत्येक दीदी को प्रथम बार में 25 चूजा और दूसरी बार में 20 चूजा दिया जाना है। इसकी पूर्व में माइक्रोप्लानिंग की गई है। साथ ही साथ इन जीविका दीदियों के द्वारा मुर्गीपालन हेतु खुद से केज का निर्माण किया जाएगा। केज बनाए जाने के उपरांत प्रत्येक दीदी के खाता में 1000 रुपए भेजा जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button