Madhepura: मधेपुरा पुलिस की एक और कामयाबी मुखिया दिलीप कुमार हत्या कांड में ट्रेन से कूदकर भागने वाला दूसरा मुख्य शूटर बउआ यादव भी गिफ्तार - The Ujala Times News
क्राइमब्रेकिंग न्यूज़

Madhepura: मधेपुरा पुलिस की एक और कामयाबी मुखिया दिलीप कुमार हत्या कांड में ट्रेन से कूदकर भागने वाला दूसरा मुख्य शूटर बउआ यादव भी गिफ्तार

मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि दिनांक- 26.05.23 को दिनापट्टी के वर्तमान मुखिया दिलीप कुमार जो अपने घर से मोटरसाईकिल से मुरलीगंज जा रहे थे, उनकी हत्या अपराधियों के द्वारा कर दी गई थी। इस संबंध में मुरलीगंज थाना कांड संख्या – 200 / 23, दिनांक 27.05.23 धारा-341 /342/386/302/120 (बी) /504/506 एवं 27 शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत दर्ज करते हुए अनुसंधान प्रारंभ किया गया था । इस घटना की गंभीरता तथा इसकी संवेनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा के निदेशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, जिसमें पुलिस निरीक्षक, सुरेन्द्र कुमार, थानाध्यक्ष मुरलीगंज अ०नि० निरीक्षक राजकिशोर मंडल तथा मुरलीगंज थाना के पदाधिकारी एवं शस्त्र बल एवं टेक्निकल सेल के सदस्यों को शामिल किया था । अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं घटना के उद्भेदन हेतु पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा द्वारा स्वयं ही इस पूरे मामले का लगातार अनुश्रवण किया जा रहा था। अग्रतर अनुसंधान के क्रम में इस घटना में लाईनर की भूमिका निभाने वाले तीन अभियुक्त तथा इस घटना को कारित करने वाले एक शूटर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। उल्लेखनीय है कि इस घटना में नितिश कुमार तथा बउआ यादव के द्वारा शूटर की भूमिका निभायी गयी थी, जिसमें से नितिश कुमार को मुगलसराय के पास चलती ट्रेन में ही गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि दूसरा शूटर बउआ यादव मुगलसराय स्टेशन के पास से चलती ट्रेन से कूद कर भागने में सफल हो गया था। बउआ यादव अन्य राज्यों में भागकर लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था तथा पुलिस की गिरफ्त से लगातार दूर जा रहा था। ऐसी स्थिति में पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा के द्वारा टीम में शामिल सदस्यों में से अ०नि० रविश रंजन, मुरलीगंज थाना, अ०नि० धर्मेन्द्र कुमार, नगर थाना, टेक्निकल सेल के सदस्य तथा एक ग्रामिण पुलिस को बउआ यादव के छुपे होने के संभावित ठिकानों का पता लगाने तथा उसकी गिरफ्तारी हेतु विधिवत् दिल्ली भेजा गया था। यह टीम जैसे दिल्ली पहुँची, बउआ यादव अपना ठिकाना बदलकर चंडिगढ़ पहुँच गया । पुनः यह टीम जैसे चंडिगढ़ पहुँची, तो बउआ यादव अपना ठिकाना बदल

कर पिंजौर पहुँच गया। वहाँ कुछ समय व्यतीत करने के बाद वह जलंधर चला गया और जलंधर से फिर सुल्तानपुर लोधी पहुँच गया। इन सभी जगहो से गुजरते हुए जब हमारी टीम सुल्तानपुर लोधी पहुँची तो ज्ञात हुआ कि बउआ यादव पुनः अपना ठिकाना बदलकर अपने गाँव बिहार की ओर भागा है। पुनः यह टीम बउआ यादव का पीछा करते हुए जब बिहार पहुँची तो पता चला कि बउआ यादव अपने घर पहुँच गया है। कल शाम में ही इस टीम के द्वारा बउआ यादव को चामगढ़ चौक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। इस अभियुक्त के पास से हथियार, गोली, नशीले पदार्थ के अलावा अन्य कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में इनके द्वारा न केवल इस घटना में शामिल रहने की बात बतायी गयी है, बल्कि अन्य कई नये तथ्यों का भी खुलासा किया गया है। इस घटना को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया था और इसकी योजना कुख्यात अपराधकर्मी अजय यादव तथा विजय यादव के घर पर बनायी गयी थी, जिसमें अनील यादव, बउआ यादव, नितिश कुमार तथा कुछ अन्य लोग शामिल थे। जिस समय घटना घटी उस समय अजय यादव स्वयं घटनास्थल के बगल में अवस्थित स्कूल के पास से इस पूरे घटना को संचालित कर रहा था, जबकि विजय यादव घटनास्थल से आगे नहर पर खड़ा होकर आम लोगों की गतिविधि को देख रहा था। पूछताछ के क्रम में मुखिया के कुछ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के नाम भी सामने आया है, जो इन अपराधकर्मियों के संपर्क में थे। इन गिरफ्तार अपराधकर्मी से अभी और पूछताछ की जा रही है, तत्पश्चात इसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। इस घटना एवं इस घटना के षड्यंत्र में शामिल सभी अपराधकर्मियों को गिरफ्तारी हेतु पुलिस के द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button