छोटू मिश्रा हत्याकांड का खुलासा: मुख्य शूटर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 6 हथियार और कारतूस बरामद - The Ujala Times News
क्राइमब्रेकिंग न्यूज़

छोटू मिश्रा हत्याकांड का खुलासा: मुख्य शूटर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, 6 हथियार और कारतूस बरामद

बीते दिनों बिहार के सहरसा जिले में हुए चर्चित छोटू मिश्रा हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात के पीछे पुरानी आपसी रंजिश को मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य शूटर समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दरअसल, बीते 13 मार्च को शहर के मीरा टॉकीज के पास बाईक सवार अपराधियों ने छोटू मिश्रा को सरेआम गोली मार दी थी।

आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और लोगों में दहशत का माहौल बन गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से मामले की गहन जांच शुरू की। लगातार छापेमारी और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली। पुलिस ने मुख्य शूटर रोहित उर्फ मिठू ठाकुर को सुपौल से गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथी नवनीत कुमार को विद्यापति नगर से दबोचा गया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार, नवनीत कुमार, अभिनव कुमार, राजा कुमार और सौरव कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इनके पास से 4 पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 1 देसी कट्टा, 12 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन और एक चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि छोटू मिश्रा की हत्या पुरानी आपसी रंजिश के चलते की गई थी। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना का कारण पुरानी आपसी रंजिश प्रतीत होता है, जिसमें अगस्त माह (वर्ष-2019) में मिहीर त्रिवेदी उर्फ करण टाईगर की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें मुख्य आरोपी सतीश झा उर्फ छोटू मिश्रा थे। एसपी ने स्पष्ट किया कि बदले की भावना से उक्त युवक की हत्या की गई। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा सके। घटना में संलिप्त सभी अभियक्तों की पहचान कर ली गई है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का जल्द ही पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button