मधेपुरा में डीपीओ की स्कॉर्पियो ने ई रिक्शा को उड़ाया, 7 जख्मी, घटना CCTV में कैद - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

मधेपुरा में डीपीओ की स्कॉर्पियो ने ई रिक्शा को उड़ाया, 7 जख्मी, घटना CCTV में कैद

मधेपुरा के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत झिटकिया पोखर, एनएच-106 पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ई-रिक्शा पर सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनमें दो महिलाएं, एक पुरुष और चार बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ई-रिक्शा अपने साइड में जा रही है और स्कॉर्पियो तेज गति में टक्कर मारती हुई दिख रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ई-रिक्शा मधेपुरा से सिंहेश्वर की ओर जा रही थी, जबकि स्कॉर्पियो सिंहेश्वर से मधेपुरा की ओर तेज रफ्तार में आ रही थी। स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए NH किनारे बने नाला को पार कर खेत में जा गिरी। स्कॉर्पियो पर बिहार सरकार डीपीओ (सर्व शिक्षा अभियान) का बोर्ड भी लगा हुआ है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में घायल लोगों की पहचान पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के मुगलिया पुरंदाहा वार्ड 15 निवासी संत कुमार (26), उनकी पत्नी चुनचुन देवी (22), बच्चे अनु (6) और आदित्य (5), अमहा निवासी रीना देवी (25), आदित्य कुमार (6) और रियांश कुमार (2) के रूप में हुई है। सभी मधेपुरा के मधुबन में एक शादी समारोह में शामिल होकर अमहा जा रहे थे। वही हादसे के तुरंत बाद स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को जब्त कर लिया, जबकि स्कॉर्पियो अब भी खेत में पड़ी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाइट : सदरुल शाह, प्रत्यक्षदर्शी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button