Supaul:सुपौल पुलिस को कंफर्म करने में लग गए 2 घंटे; अंदर देखा तो उड़े होश

सुपौल में ट्रक के कंटेनर से पुलिस ने लाखों रुपए की शराब बरामद की है। ये ट्रक असम से आ रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि इसमें शराब की तस्करी की जा रही है। पुलिस ने जब ट्रक को रोका तो शराब कहां छिपाई गई है ये पता करने में उन्हें 2 घंटे लग गए। इसके बाद पुलिस ने गैस कटर से कंटेनर को काटा। अंदर देखा तो पुलिस के होश उड़ गए। कंटेनर के तहखाने में 675 कार्टन शराब रखी हुई थी, जिसकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। मामला रविवार देर रात का है। कंटेनर के अंदर एक तहखाना बनाकर ये शराब छिपाई गई थी। बॉक्स लोहे की मोटी चादर का बना था। इस कारण ट्रक में शराब है यह कंफर्म करने में ही पुलिस को 2 घंटे लग गए। ट्रक को निर्मली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर NH-57 पर हरियाही गांव के पास पकड़ा है। शराब माफियाओं के नए कारनामे को देखने के लिए एनएच पर लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। दरअसल ट्रक पर लदे बॉक्स पर एयर फिल्टर लिखा था, जिसके अंदर शराब की सैकड़ों कार्टन छिपाकर रखी गई थी। वह बॉक्स ट्रक के साइज में मोटे परत वाले चदरे से बनी थी।पुलिस इस मामले में जब्त ट्रक के कागजात की जांच और गिरफ्तार चालक से पूछताछ कर रही है। ट्रक से जब्त शराब की क़ीमत लाखों में बताई जा रही है। निर्मली थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दिल्ली के रहने वाले ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब के कार्टन की गिनती की जा रही है। चालक से पूछताछ भी जारी है। जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।

