मधेपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर जिला गिरोह के 3 कुख्यात अपराधी अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार

मधेपुरा: जिला पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ और अपराध पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन गश्ती, वाहन चेकिंग एवं छापेमारी अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक अंतर जिला गिरोह सहित कुल 03 कुख्यात अपराधियों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 09.10.2026 की रात्रि करीब 01:00 बजे सदर थानाध्यक्ष मधेपुरा को गुप्त सूचना मिली कि मधेपुरा-सहरसा मुख्य सड़क में बेरहा गांव की ओर जाने वाली एक सुनसान जगह पर कुछ अपराधी इकट्ठा हुए हैं, जिनके पास अवैध हथियार हैं और वे किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर थानाध्यक्ष एवं मढ़ाही पुलिस शिविर प्रभारी द्वारा बल के साथ तत्काल मधेपुरा-सहरसा मुख्य सड़क स्थित बेरहा गांव की ओर जाने वाली सड़क के पास पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां से तीन अपराधियों को खदेड़ कर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए अपराधियों का विवरण:
छापेमारी के दौरान पकड़े गए तीनों अपराधियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
- शशि कुमार – उम्र करीब 19 वर्ष, पिता- दर्शन साह, साकिन- बिसनपुर, वार्ड नं०-05, थाना-अरार, जिला-मधेपुरा।
- धर्मेन्द्र कुमार – उम्र करीब 20 वर्ष, पिता- विशुन यादव, साकिन- लक्ष्मीनियाँ, वार्ड नं०-02, थाना-सौरबाजार, जिला-सहरसा।
- पवन कुमार – उम्र करीब 19 वर्ष, पिता- जयजय राम पासवान, साकिन-सुषनियां, वार्ड नं०-01, थाना-बसंतही, जिला-सहरसा।
बरामदगी एवं पूछताछ
पकड़े गए अपराधियों में धर्मेन्द्र कुमार के पास से एक देसी कट्टा तथा दाहिने पॉकेट से पीतल का बना दो जिंदा गोली बरामद किया गया। वहीं शशि कुमार के पास से एक जिंदा गोली और पवन कुमार के पास से भी एक जिंदा गोली बरामद हुई।
प्राथमिक पूछताछ के दौरान इन्होंने स्वीकार किया कि ये लोग राह चलते राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटपाट करने का काम करते हैं। पुलिस ने इनके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किए हैं:
- देशी कट्टा: 01
- जिंदा गोली: 04
कानूनी कार्रवाई एवं पिछला इतिहास
इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या-1006/26, दिनांक 09.10.2026, धारा-25(1-b)a/26/35 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में धर्मेन्द्र कुमार एवं पवन कुमार का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
छापामारी टीम में शामिल अधिकारी:
इस सफल छापेमारी अभियान में निम्नलिखित पुलिसकर्मी शामिल रहे:
- पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष विमलेन्दु कुमार (सदर थाना)
- पु०अ०नि० शिवानी कुमारी (मढ़ाही शिविर प्रभारी)
- पी०टी०सी० अशोक तिवारी
- थाना का सशस्त्र बल
“मधेपुरा पुलिस का अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस अभियान जारी है।”
