#Madhepuraमधेपुरा में भयानक सड़क हादसा: कार नदी में खाई, 4 की मौत संभावित, 3 शव बरामद
मधेपुरा में भीषण सड़क हादसा: कार नदी में गिरी, 4 की मौत की आशंका, 3 शव बरामद
ग्वालपाड़ा से मेला देखकर लौट रहे थे सभी, अरार पुल के पास हुआ हादसा, एक लापता की तलाश जारी मधेपुरा में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार, सभी युवक ग्वालपाड़ा से मेला देखकर मधेपुरा लौट रहे थे।

वे रात करीब 9 बजे स्टेशन चौक से निकले थे। देर रात लगभग एक बजे अरार पुल के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल को तोड़ते हुए नदी में जा गिरी।घटना की सूचना मिलते ही अरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तीन शवों को नदी से बाहर निकाला गया है, जबकि चौथे व्यक्ति की तलाश अब भी जारी है।

मृतकों की पहचान मधेपुरा स्टेशन चौक वार्ड-23 निवासी स्वर्गीय विमल यादव के पुत्र घनश्याम कुमार (28), सहरसा जिले के बसनही थाना क्षेत्र के मोकमा निवासी मनोज कुमार के पुत्र अंकित कुमार (26) और सौर बाजार थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद यादव के पुत्र वसंत कुमार (23) के रूप में हुई है। चौथे व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी नदी से बाहर निकाल लिया है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन द्वारा लापता व्यक्ति की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

