मधेपुरा NH-107 पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल

मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत NH-107 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती सहित दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजपुर स्थित गैमन इंडिया प्लांट के पास उस समय हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।मृतक युवक की पहचान ग्वालपाड़ा प्रखंड के डेफरा वार्ड-10 निवासी रामचंद्र यादव के पुत्र सौरव कुमार के रूप में हुई है।

घायल युवती अररिया जिले के भटगामा निवासी मनोज यादव की पुत्री नेहा है, जबकि तीसरे घायल युवक की पहचान सहरसा जिले के मलौधा निवासी रिशु यादव के रूप में की गई है। तीनों आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही भर्राही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल मधेपुरा भेजा। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तीनों सिंहेश्वर मंदिर से पूर्णिया जा रहे थे। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
