मधेपुरा में चांदनी चौक पर 27 मई की रात हुई होटल संचालक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य शूटर गिरफ्तार

मधेपुरा में चांदनी चौक पर 27 मई की रात हुई होटल संचालक की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य शूटर नीतीश कुमार को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक के पास से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल और घटना के समय पहना गया चप्पल बरामद किया गया है। वह घैलाढ़ थाना क्षेत्र के बाली गांव का निवासी है। इसकी जानकारी सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे एएसपी प्रवेंद्र भारती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। बताया कि यह गिरफ्तारी रविवार को उस वक्त हुई जब भर्राही थाना की पुलिस टीम मधुबन ओवरब्रिज के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सुखासन की ओर से आ रही एक बाइक को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगा। भागते समय पीछे बैठा युवक गिर गया, जिसे टीम ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बाली निवासी नीतीश कुमार बताया। उसकी तलाशी में कमर से लोडेड कट्टा मिला, जिसको लेकर भर्राही थाना में तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूछताछ में नीतीश ने स्वीकार किया कि उसने 27 मई की रात अपने साथियों के साथ मिलकर होटल संचालक ज्योतिष रजक की गोली मारकर हत्या की थी। वारदात चांदनी चौक के पास एक चाय-नाश्ते की दुकान पर हुई थी। हत्या की साजिश में पैसे की लेनदेन की बात भी सामने आई है। एएसपी ने बताया कि कांड के सफल उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। इसमें भर्राही और सदर थाना की पुलिस के साथ तकनीकी शाखा के कर्मी भी शामिल थे। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिससे नीतीश की पहचान पक्की हुई। उसके पास से घटना के समय पहना गया चप्पल भी बरामद किया गया है। नीतीश पर पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, उसके अन्य फरार साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान थे।
