नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित पायलट को कर दिया सस्पेंड

- नीतीश सरकार ने पायलट को कर दिया सस्पेंड, प्रगति यात्रा से ही हो गए थे गायब
Bihar: नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने और कार्यों को नहीं निभाने के कारण कैप्टन परिमल को निलंबित कर दिया गया है। कैप्टन परिमल पर हेलिपैड की अनापत्ति और अन्य जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने का भी आरोप है। निलंबन के दौरान उन्हें केवल जीवन निर्वहन भत्ता मिलेगा।
बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान ड्यूटी से गायब रहने और लापरवाही बरतने के आरोप में कैप्टन परिमल को निलंबित कर दिया है। कैप्टन परिमल, वायुयान संगठन में पायलट और उत्तरदायी प्रबंधक थे। उन पर 3 जनवरी से लगातार अनुपस्थित रहने, हेलिपैड की NOC, को-ऑर्डिनेट, फोटो और वीडियो हेलीकॉप्टर संचालक को उपलब्ध न कराने जैसे आरोप हैं।
नीतीश सरकार ने पायलट को किया सस्पेंड
इसके अलावा, उन्होंने राजकीय विमान के परिचालन के लिए जरूरी करेंसी भी प्राप्त नहीं की थी, जिससे सरकार को अतिरिक्त खर्च करके को-पायलट की व्यवस्था करनी पड़ी। यह मामला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा से जुड़ा है। इस यात्रा के दौरान कैप्टन परिमल की जिम्मेदारी थी कि वे हेलिकॉप्टर संचालन से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
मंगाना पड़ा को-पायलट
कैप्टन विवेक परिमल की तरफ से वायुयान संगठन निदेशालय में विमान चालक के पद पर रहते हुए राज्य के अतिविशिष्ट व्यक्तियों जैसे राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य के वायुमार्ग से गमन के लिए उपयोग किए जाने वाले राजकीय विमान King Air C-90 A/B, VT-EBG के परिचालन हेतु आवश्यक Currency प्राप्त नहीं किया गया। जिस वजह से राजकीय विमान के परिचालन हेतु वाह्य स्रोत से अतिरिक्ति व्यय पर को-पायलट मंगाना पड़ा।
