खूंटी में नए साल के पहले दिन सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक घायल

झारखंड के खूंटी जिले में नए साल के पहले दिन बुधवार को सड़क हादसा हो गया. इसमें दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक घायल हो गया.
खूंटी, चंदन कुमार-झारखंड के खूंटी-मुरहू मुख्य मार्ग पर नए साल-2025 के पहले दिन सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान गोड्डा जिला निवासी सुधांशु कुमार जायसवाल (21 वर्ष) और पश्चिमी सिंहभूम जिले के सिदमा गुदड़ी निवासी सुइबा भुइयां (25 वर्ष) के रूप में की गयी है. हादसे में आकाश कुमार घायल हो गया है. सदर अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है. बुलेट पर सवार एक और युवक को हल्की चोट आयी है.
दो बाइक में टक्कर से हुआ हादसा
आकाश, सुधांशु और विक्की कुमार बुलेट (जेएच 01ईपी 7162) पर सवार हो कर रांची से पिकनिक के लिए हिरणी फॉल (पश्चिमी सिंहभूम) जा रहे थे. इसी दौरान खूंटी जिले के मुरहू की पंजाबी कोठी के समीप सामने से आ रही होंडा साइन बाइक (जेएच 01 बीसी 1827) से उनकी टक्कर हो गयी. टक्कर काफी जोरदार थी. इस कारण दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां सुधांशु कुमार और सुइबा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
