खगौल पीएचसी का औचक निरीक्षण, बदहाल व्यवस्था पर भड़के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव।

चंदू प्रिन्स की रिपोर्ट खगौल।
खगौल:बिहार सरकार के दानापुर विधायक एवं कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने शुक्रवार को खगौल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की बदहाल व्यवस्था देखकर मंत्री काफी नाराज हो गए।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि अस्पताल के प्रभारी अनुपस्थित थे, जबकि एक डॉक्टर और दो एएनएम के अलावा अधिकांश कर्मचारी भी ड्यूटी से नदारद मिले। अस्पताल परिसर में फाइलों और रद्दी कागजों का ढेर लगा हुआ था, जिससे साफ-सफाई की स्थिति भी खराब दिखी। इसके साथ ही दवाओं की कमी भी सामने आई।मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल की मौजूदा स्थिति संतोषजनक नहीं है और इसमें कई गंभीर खामियां हैं, जिन्हें जल्द दूर करना आवश्यक है।बताया गया कि अस्पताल के नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा है और जल्द ही वर्तमान छोटे भवन से बड़े भवन में शिफ्ट किया जाएगा। मंत्री ने उम्मीद जताई कि नई व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिले। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्षसुनील कुमार, वार्ड पार्षद प्रशांत कुमार सिंह, समाजसेवी चंदू प्रिन्स अन्य लोग मौजूद थे।
