उदाकिशुनगंज: स्कूल जा रहे 14 वर्षीय छात्र की कुचलकर मौत, मुआवजे व स्पीड ब्रेकर की मांग पर 2 घंटे तक एनएच-106 जाम - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

उदाकिशुनगंज: स्कूल जा रहे 14 वर्षीय छात्र की कुचलकर मौत, मुआवजे व स्पीड ब्रेकर की मांग पर 2 घंटे तक एनएच-106 जाम

उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय छात्र देवराज कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। जमुनिया वार्ड संख्या 22 निवासी अरविंद यादव का इकलौता पुत्र देवराज सुबह करीब 8 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकला था, लेकिन एनएच-106 पर कॉलेज के समीप मधेपुरा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे में किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।परिजनों का फूटा गुस्सा, एनएच पर लगा जामइकलौते बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई को लेकर एनएच-106 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सूचना मिलने पर उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष मौके पर पहुँचीं और काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया है।प्रशासन ने दिया स्पीड ब्रेकर का आश्वासनघटनास्थल पर पहुँचे उदाकिशुनगंज एसडीओ पंकज कुमार घोष ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय से चली आ रही तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

एसडीओ ने स्वीकार किया कि सुरक्षित आवाजाही के लिए यहाँ स्पीड ब्रेकर की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चार स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है और एनएच (NH) के इंजीनियरों से बातचीत हो चुकी है। एसडीओ ने भरोसा दिलाया कि आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर इन चिह्नित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने का कार्य पूरा कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानूनी प्रक्रिया जारी है। इलाके में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button