मधेपुरा में चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर, कुंभ स्नान करने गए परिवार के यहाँ लाखों की चोरी की घटना को दिया अंजाम - The Ujala Times News
क्राइमब्रेकिंग न्यूज़

मधेपुरा में चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर, कुंभ स्नान करने गए परिवार के यहाँ लाखों की चोरी की घटना को दिया अंजाम

मधेपुरा में इन दिनों चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर है। एक के बाद एक घरों में चोरी की घटना को अंजाम दे बेखौफ चोर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। वही काफी हाथ पाँव मार कर भी पुलिस कोई ठोस कार्यवाही नहीं कर पा रही है। चोरों के निशाने पर कुंभ स्नान करने गए लोगों के घर हैं। ताजा मामला मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 गायत्री मोहल्ला की है जहाँ चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों की संपत्ति चोरी कर ली।

पीड़ित सिकंदर कुमार ने बताया कि वे 22 फरवरी को परिवार सहित कुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। 23 फरवरी को पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का अंदर वाला ताला टूटा हुआ है। 24 फरवरी की शाम करीब 7 बजे जब वे लौटे तो देखा कि घर का कुंडी कटा हुआ था और सभी अलमारी, बक्से व गोदरेज खुले पड़े थे। घर के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त था।

पीड़ित के अनुसार चोरों ने करीब 40 हजार रुपये नकद और चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। इसके अलावा, एक मोबाइल, बैटरी और अन्य कीमती सामान भी गायब था। चोरी की सूचना मिलते ही उन्होंने सदर थाना में आवेदन देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सीताराम सुमन ने सारा ठीकरा नगर परिषद पर फोड़ते हुए कहा कि वार्ड में लाइट की लचर व्यवस्था है, अगर वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगे रहते तो चोरों की पहचान आसानी से हो जाती। इओ को कई बार इसको लेकर शिकायत की हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होती है। उन्होंने जिला प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा किया है। सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button