मधेपुरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में मंदिर मूर्ति चोरी का पर्दाफाश, अष्टधातु की 15 किलो वजनी मूर्ति बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार - The Ujala Times News
क्राइमब्रेकिंग न्यूज़

मधेपुरा पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में मंदिर मूर्ति चोरी का पर्दाफाश, अष्टधातु की 15 किलो वजनी मूर्ति बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

जिले में आस्था और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली मंदिर मूर्ति चोरी की घटना का मधेपुरा पुलिस ने बेहद तेज और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। भर्राही थाना क्षेत्र के ग्राम मरूवाहा स्थित हनुमान मंदिर से चोरी गई करीब 15 किलो वजनी अष्टधातु की मूर्ति को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।


घटना से फैली थी आक्रोश की लहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 जनवरी 2026 की सुबह भर्राही थाना को सूचना मिली कि ग्राम मरूवाहा वार्ड संख्या-06 स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी हो गई है। मंदिर से भगवान की मूर्ति गायब होने की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करने लगे। यह मामला न सिर्फ चोरी का था, बल्कि लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़ा होने के कारण पुलिस प्रशासन के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया था।
तत्काल दर्ज हुआ मामला, बनी विशेष टीम
सूचना मिलते ही भर्राही थाना कांड संख्या-03/26 दिनांक 05.01.2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, मधेपुरा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में भर्राही थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अरमोद कुमार, पु०अ०नि० अजय कुमार, पु०अ०नि० दुर्गेश कुमार, पु०अ०नि० रामप्रवेश राम, सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल किए गए।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, दो आरोपी दबोचे गए
पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। सख्ती से पूछताछ करने पर मो० अलताफ उर्फ कैफ (उम्र करीब 20 वर्ष, पिता स्व० मो० फिरोज, निवासी अर्राहा वार्ड संख्या-12) एवं रौशन कुमार (उम्र करीब 25 वर्ष, पिता बनगी शर्मा, निवासी मरूवाहा वार्ड संख्या-06), दोनों थाना भर्राही, जिला मधेपुरा ने मंदिर से मूर्ति चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
निशानदेही पर मूर्ति व पूजा सामग्री बरामद
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई अष्टधातु की मूर्ति के साथ-साथ मंदिर से चोरी किए गए अन्य पूजा-सामग्री भी बरामद की। बरामद सामानों में—
अष्टधातु की मूर्ति (01),
पीतल की टूटी घंटी (03),
तांबे का छोटा लोटा (01),
पीतल का छोटा-बड़ा लोटा (02),
पीतल का घंटा (01) शामिल है।
मूर्ति और सामानों की बरामदगी के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
दो अन्य अपराधी फरार, तलाश जारी
पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि इस मूर्ति चोरी की घटना में उनके साथ दो अन्य अपराधकर्मी भी शामिल थे, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी तेज कर दी है। जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस की तत्परता बनी मिसाल
मूर्ति चोरी जैसी संवेदनशील घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन मधेपुरा पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और प्रभावी कार्यशैली को दर्शाता है। धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है और ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button