पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर मधेपुरा में आपात बैठक, डीएम को सौंपा जाएगा ज्ञापन

सहरसा में पत्रकार से मारपीट की घटना के बाद बढ़ी चिंता, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मधेपुरा। पत्रकारों के साथ लगातार हो रही घटनाओं और उनकी सुरक्षा को लेकर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित श्री जीवन अमृत आयुर्वेद क्लीनिक में नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रमंडलीय सह जिला अध्यक्ष डॉ. सुलेंद्र कुमार ने की।
बैठक में पत्रकारों के साथ आए दिन हो रहे दुर्व्यवहार, मारपीट और अन्य घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनता की समस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को सामने लाते हैं, ऐसे में उनके साथ होने वाली घटनाएं गंभीर विषय हैं।
बैठक में हाल ही में सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार के साथ मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया गया। वहीं, मधेपुरा में भी पत्रकारों के साथ समय-समय पर होने वाली घटनाओं पर चिंता जताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पत्रकारों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाली घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही संबंधित घटनाओं में दोषी लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारों को निर्भीक होकर काम करने के लिए सुरक्षित वातावरण मिलना जरूरी है। यदि पत्रकार ही असुरक्षित रहेंगे तो वे स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कैसे कर पाएंगे।
बैठक में पत्रकार निरंजन कुमार, श्रीकांत राय, अमित कुमार, डॉ. सविता नंदन कुमार, मोहम्मद मुजाहिद, पवन कुमार आजाद, आरजू अंसारी, संतोष कुमार, संत आशिक इकबाल, परवेज आलम सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
