मधेपुरा: सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी हत्याकांड के आरोपी की विधायक के साथ फोटो वायरल होने पर मचा सियासी घमासान, पुलिस कर रही है तफ्तीश - The Ujala Times News
क्राइमब्रेकिंग न्यूज़

मधेपुरा: सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी हत्याकांड के आरोपी की विधायक के साथ फोटो वायरल होने पर मचा सियासी घमासान, पुलिस कर रही है तफ्तीश

मधेपुरा: सिंहेश्वर हत्याकांड के आरोपी की विधायक के साथ फोटो वायरल होने पर मचा सियासी घमासान, पुलिस कर रही है तफ्तीश

मधेपुरा / सिंहेश्वर: मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए चर्चित बहुचर्चित हत्याकांड (कांड संख्या-311/26) के एक प्राथमिकी अभियुक्त की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में आरोपी को मधेली सायफन पर आयोजित मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में माननीय पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक श्री रमेश ऋषिदेव के साथ फीता काटते हुए देखा जा सकता है। इस वायरल तस्वीर के सामने आने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और यह आम लोगों के बीच बहस का मुख्य मुद्दा बन गया है।

क्या है पूरा मामला?

विदित हो कि गत 1 अगस्त 2026 को सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी वार्ड नं-02 में एक सनसनीखेज वारदात हुई थी। वादी श्रवण कुमार के कंप्यूटर-टंकित आवेदन के आधार पर सिंहेश्वर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 190, 191(3), 351(2), 109(1), 103(1) एवं 25(1-बी)ए/26/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

दर्ज मामले के अनुसार, आरोपियों द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी कर वादी के पिता राम यादव की हत्या कर दी गई थी, जबकि राजकुमार नामक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया था। इस मामले में कुल नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी।

पुलिस अनुसंधान और अब तक की कार्रवाई

पुलिस के अनुसंधान और पर्यवेक्षण के दौरान मुख्य नामजद अभियुक्तों—विवेक यादव, मनखुश यादव, दिलखुश कुमार उर्फ पखना, अमलेश कुमार और प्रिंस कुमार समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ आरोप सत्य पाए गए हैं। वहीं, इस कांड में नामजद अन्य अभियुक्तों (मुकेश कुमार, अखिलेश कुमार, रौशन कुमार और विनोद यादव) की संलिप्तता के बिंदु पर पुलिस साक्ष्य संकलन और गहन जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाना श्रेयस्कर पाया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त विवेक यादव और मनखुश यादव को पहले ही गिरफ्तार कर 6 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके अलावा, पुलिस की लगातार दबिश के कारण एक अन्य फरार अभियुक्त दिलखुश कुमार उर्फ पखना ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

पुलिस का बयान

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। साथ ही, जांच के दायरे में रखे गए अन्य प्राथमिकी अभियुक्तों की इस घटना में संलिप्तता को लेकर अनुसंधान शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा और विधि-सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल, आरोपी की तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिसिया कार्रवाई और मामले की सुगबुगाहट एक बार फिर तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button