मधेपुरा में मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की गोलियों से भूनकर हत्या, इलाके में तनाव
अमन आनंदमधेपुरा (बिहार)मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत नया टोला चौक के समीप सोमवार शाम बेखौफ अपराधियों ने नरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी के प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता (30) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारबंद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी दहशत का माहौल बन गया।काम कराकर लौटते वक्त घेरानरदह पंचायत की मुखिया रीता देवी ने बताया कि नरदह सरकार भवन में मनरेगा योजना का कार्य चल रहा था। विकास कार्य का निरीक्षण व काम खत्म कराकर विक्की मेहता शाम के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने नया टोला चौक के पास उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक स्थानीय लोग दौड़ते, तब तक बदमाश हथियार लहराते हुए भाग निकले।मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही मृत घोषितघटना के तुरंत बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल विक्की मेहता को पहले पुरैनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर (JNKT) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के उपाध्यक्ष डॉ. भास्कर कुमार ने बताया कि मरीज को जब लाया गया, तब ईसीजी जांच में उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर करीब 5 से 7 गोलियों के जख्म पाए गए हैं।परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिसघटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने दुर्गा यादव, नीतीश राणा और अमित चौधरी समेत कई अन्य अपराधियों पर हत्या की साजिश रचने और गोली मारने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से नामजदगी को लेकर अभी आधिकारिक बयान नहीं आया है।स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पदाधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश, चुनावी प्रतिद्वंद्विता या आपराधिक वर्चस्व समेत सभी संभावित बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
