अद्भुत नजारे के साथ दिखा चंद्रमा, सोशल प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें वायरल

चौरचन पर्व के मौके पर सोमवार की शाम आसमान में चंद्रमा का अद्भुत नजारा देखने को मिला. चंद्रमा के निकलते ही लोगों ने पूजा-अर्चना के साथ उसकी खूबसूरती को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया.पर्व को लेकर पहले से ही उत्साहित लोगों के बीच चंद्रमा का मनमोहक दृश्य आकर्षण का केंद्र बना रहा.चंद्रमा के दर्शन होते ही कई लोगों ने अपने घरों की छत और आंगन से तस्वीरें और वीडियो बनाये. इसके बाद इन तस्वीरों और वीडियो को फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जाने लगा.देखते ही देखते चंद्रमा की खूबसूरत तस्वीरें सोशल प्लेटफॉर्म पर वायरल होने लगीं. लोग तस्वीरों को पसंद करने के साथ एक-दूसरे के साथ शेयर भी कर रहे हैं.चौरचन पर्व में चंद्रमा की पूजा का विशेष महत्व होने के कारण लोगों के लिए यह दृश्य और भी खास रहा. पूजा के बाद लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ चंद्रमा के मनमोहक दृश्य का आनंद लिया.कई युवाओं ने चंद्रमा के साथ अपनी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं वही आसमान में चमकते चंद्रमा और पर्व के उल्लास ने माहौल को खास बना दिया. सोशल प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही तस्वीरों को लोग अद्भुत और मनमोहक नजारा बता रहे हैं .

