सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ भ्रामक वीडियो वायरल करने वाली महिला सिपाही पटना से गिरफ्तार - The Ujala Times News
ब्रेकिंग न्यूज़

सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ भ्रामक वीडियो वायरल करने वाली महिला सिपाही पटना से गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ भ्रामक वीडियो वायरल करने वाली महिला सिपाही पटना से गिरफ्तार

मधेपुरा। मधेपुरा पुलिस एवं वरीय अधिकारियों पर भ्रामक व झूठा आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में महिला सिपाही रिंकू कुमारी को मधेपुरा पुलिस ने पटना के बेऊर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार सिपाही रिंकू कुमारी (उम्र लगभग 35 वर्ष) मूल रूप से जमशेदपुर (झारखंड) की रहने वाली है और वर्तमान में किशनगंज जिला बल से निगरानी विभाग, पटना में प्रतिनियुक्त है।

पारिवारिक विवाद से शुरू हुआ मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वर्ष 2010 में रिंकू कुमारी और मठाही (मधेपुरा) निवासी रूपेश कुमार रूपा ने प्रेम विवाह किया था, जिसे 2013 में कोर्ट मैरिज का रूप दिया गया। वर्ष 2013 में रिंकू कुमारी की बिहार पुलिस में बहाली हुई। वर्ष 2019 में आपसी सहमति से रूपेश कुमार का बंध्याकरण (नसबंदी) कराकर उसकी दूसरी शादी नीतू देवी की छोटी बहन प्रीति कुमारी से कराई गई, जो वर्तमान में मंडल कारा सिपाही है। इसके बाद वर्ष 2019 से ही इनके बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों की ओर से पूर्व में भी कई मामले मधेपुरा और महिला थाना में दर्ज कराए जा चुके हैं।

हंगामे के बाद सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार

बीती 3 अगस्त 2026 को रिंकू कुमारी अपने ससुराल मठाही पहुंचकर हंगामा करने लगी, जिससे सड़क जाम की स्थिति बन गई। मठाही शिविर प्रभारी (पु.अ.नि.) शिवानी कुमारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आरोप है कि इसके बाद रिंकू कुमारी ने मधेपुरा पुलिस और वरीय पदाधिकारियों के खिलाफ भ्रामक आरोप लगाते हुए अपने फेसबुक आईडी (Rinku Kumari) से वीडियो बनाकर शेयर करना शुरू कर दिया, जिससे पुलिस की छवि धूमिल हो सके।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मधेपुरा साइबर थाना में कांड संख्या 37/26 (धारा 132/308(2) BNS 2023 एवं 66(C) IT Act) तथा मधेपुरा थाना में कांड संख्या 808/26 दर्ज किया गया।

​मधेपुरा पुलिस की छापेमारी टीम—जिसमें पु.अ.नि. शिवानी कुमारी, पु.अ.नि. बब्ली कुमारी, पु.अ.नि. अमृता, पु.अ.नि. कन्हैया कुमार, प्र.पु.अ.नि. अंशु कुमारी एवं तकनीकी शाखा शामिल थी—ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त 2026 को आरोपी महिला सिपाही को पटना के बेऊर (देवी स्थान) से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

​पुलिस का कहना है कि रिंकू कुमारी को भ्रामक वीडियो शेयर करने के लिए उकसाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button