आज मधेपुरा के पांच प्रखंडों में छह घंटे बिजली बंद रहेगी
मधेपुरा, 8 जनवरी:सिंहेश्वर ग्रिड सब स्टेशन में मेंटेनेंस कार्य होने के कारण गुरुवार को मधेपुरा जिले के पांच प्रखंडों में छह घंटे की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभाग ने बताया कि यह विद्युत शटडाउन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रस्तावित है।कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने जानकारी दी कि रखरखाव के दौरान ग्रिड पर पुराने उपकरणों की जांच और मरम्मत के साथ तकनीकी सुधार कार्य किया जाएगा, ताकि भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।मेंटेनेंस के चलते मधेपुरा नगर क्षेत्र, सदर, सिंहेश्वर, घैलाढ़, गम्हरिया और शंकरपुर प्रखंडों में आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आवश्यक कार्य पहले से निपटा लें और मोबाइल, इन्वर्टर व पानी की मोटर जैसी जरूरतों की तैयारी रख लें।विभाग ने बताया कि कार्य समय से पहले पूरा होने पर बिजली आपूर्ति पूर्व निर्धारित समय से पहले भी बहाल की जा सकती है। उपभोक्ताओं की सुविधा और बेहतर सेवा के उद्देश्य से यह मेंटेनेंस किया जा रहा है। किसी असुविधा के लिए विभाग ने खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की है।
