भागलपुर में मेडिकल हॉल संचालक के बेटे रौनक केडिया की गोली मारकर हत्या - The Ujala Times News
क्राइमब्रेकिंग न्यूज़

भागलपुर में मेडिकल हॉल संचालक के बेटे रौनक केडिया की गोली मारकर हत्या

बुधवार रात करीब 10 बजे तातारपुर थाना क्षेत्र के दवाई पट्टी लाइन में न्यू आत्माराम मेडिकल हॉल के संचालक बलराम केडिया के 22 वर्षीय बेटे रौनक केडिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रौनक हमेशा की तरह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। हत्या का कारण अभी तक अज्ञात है। पुलिस ने घटनास्थल से छह खाली कारतूस बरामद किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्हें सिर और सीने में गोली लगी थी। घटना की खबर से इलाके में दहशत फैल गई। खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) आनंद कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) के गठन का आदेश दिया है। मृतक रौनक के पिता बलराम केडिया ने बताया, “हर रोज की तरह मेरा बेटा रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद करके घर आ रहा था। मैं भी देवी बाबू धर्मशाला के पास बैठा हुआ था। थोड़ी देर बाद मैं भी घर के लिए निकला। गली में सड़क पर एक आदमी गिरा हुआ था। मैंने मोबाइल की टॉर्च जलाई तो देखा कि वह मेरा बेटा ही था।” बलराम केडिया ने आगे बताया, “घर वालों को बुलाकर आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि यह सामान्य मामला नहीं है। इसे किसी गाड़ी या किसी चीज से मारा गया है। फिर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हम लोग घर आए और पुलिस को सूचना दी। जब घटनास्थल की जांच की गई तो वहाँ से गोली के छह खोका बरामद किए गए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button